दो घंटो में दो स्नैचिंग की कॉल, महकमे में मचा हड़कंप
सेक्टर-12 और 49 में हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-12 और 49 में बुधवार रात दो घंटे के अंदर दो मोबाइल स्नैचिंग की सूचना से महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुुंची पुलिस को एक जगह लड़ाई झगड़े का मामला पता चला, जबकि दूसरी घटना में पीड़ित के नशे में होने के चलते पुलिस जांच कर रही है। पहली घटना सेक्टर-12 स्थित पेक के पास हुई। गौर रहे कि बुधवार रात करीब 7 बजकर 35 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवकों ने एक युवक से मोबाइल झपट लिया है। सूचना पर पहुंची पीसीआर और सेक्टर-3 थाना पुलिस ने पीड़ित युवक के बयान दर्ज किए, जिसके बाद सामने आया कि उसका मोबाइल उसी के पास था। किसी अन्य ने पुलिस कंट्रोल रूम पर स्नैचिंग की सूचना दे दी। उधर, दूसरी घटना रात करीब 9:15 सामने आई। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-49 स्थित गुरुद्वारे के पास से एक व्यक्ति से मोबाइल स्नैच हो गया है। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने जब पीड़ित से बयान दर्ज करने लगी तो वह सही से जवाब नहीं दे पा रहा था। पुलिस का कहना है कि पीड़ित ने शराब पी रखी है, जिसके चलते बयान दर्ज नहीं हो सका है। मामले की छानबीन की जा रही है।