पीएनबी ने देव फूड्स को किया डिफाल्टर
नोटिस चस्पा करने पहुंचे बैंक अधिकारियों ने लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
कर्ज की बकाया राशि नहीं लौटाने पर पंजाब नेशनल बैंक की बठिंडा शाखा ने बरनाला की देव फूड्स नामक फर्म को डिफाल्टर घोषित कर दिया है। संबंधित नोटिस चिपकाने यहां पहुंचे बैंक अधिकारियों व कर्मियों ने फर्म मालिकों के खिलाफ दुर्व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
सिटी थाना के प्रभारी एसआई बलवंत सिंह ने बताया महेश चंद्र पुत्र बखशी राम लाल सिंह कालोनी, उद्योग नगर, सीकर राजस्थान पंजाब नेशनल बैंक की बठिंडा शाखा के मैनेजर हैं। उनकी शिकायत पर बरनाला के भारत जिंदल पुत्र नरिंदर कुमार तथा उसके भाई के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एसआई बलवंत सिंह ने बताया कि बठिंडा पीएनबी के मैनेजर महेश चंद्र पजेशन लेने मंगलवार को स्टाफ समेत बरनाला के पुराना सिनेमा के पास सवा 11 बजे मेसर्स धनी राम बीरबल दास, मेसर्स नरिंदरा आईस मिल और देव फूड्स पर पहुंचे थे। इन फर्मों के बाद मालिक भारत जिंदल के खाते डिफाल्टर हो गए थे। जैसे ही अधिकारी देव फूड्स पर बैंक का नोटिस चिपकाने लगे तो भारत जिंदल ने उनके साथ गाली गलौच की, उनके छोटे भाई ने भी ड्यूटी में विघ्न डालने की कोशिश करते जान से मारने की धमकियां दीं और उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया। घटना की जांच कर रहे एएसआई सुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि आरोपी फर्म से बैंक ने कितना पैसा वसूलना था के बारे में जानकारी नहीं दी है। बैंक मैनेजर महेश चंद्र से उनके मोबाइल पर सम्पर्क किया गया। उन्होंने डिफाल्टर घोषित की गई
देव फूड्स के कितना कर्ज वापिस लेना था, कब से बकाया है के बारे में कुछ भी कहने से मना कर दिया।