नशेड़ी ने कॉलेज जाती छात्रा का हाथ पकड़ा, फिर दिया धक्का
- आरोपी से हाथ छुड़वा कर सहपाठी सहित दौड़ी युवती, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित आर्ट्स कॉलेज को आती छात्रा का कॉलेज के पास ही एक युवक ने सड़क पर हाथ पकड़ा लिया। आरोपी ने छात्रा को डराते हुए कहा कि वह उसे कई दिन से देख रहा है। आरोपी ने कोई नशा किया हुआ बताया गया है। घबराई छात्रा ने खुद को युवक के चंगुल से छुड़वाना चाहा तो उसने छात्रा को पीछे की तरफ धक्का दिया। छात्रा ने सहपाठी के साथ वहां से दौड़कर खुद को आरोपी से बचाया। छात्रा से सूचना मिलने पर पीसीआर और सेक्टर-3 थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी उससे पहले ही वहां से फरार हो गया। करीब 18 वर्षीय छात्रा ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की सुबह करीब दस बजे वह अपनी सहपाठी सहित कॉलेज आ रही थी। सेक्टर-10 के छोटे चौक से आगे बढ़ते ही एक अनजान युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया। उसने छात्रा से कहा कि वह कई दिन से उन्हें देख रहा है। युवक नशे की हालत में बताया जा रहा है। शिकायत पर सेक्टर-3 थाना पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी-354, 354,ए के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन मंगलवार रात तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका था। पुलिस आसपास के चौक व अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।