‘तुम्हें भी वैसे ही मारेंगे जैसे विपन शर्मा को मारा’
हिंदू नेता वीरेश शांडिल्य का दावा, खालिस्तानी आतंकी ने दी धमकी
डीजीपी और सीएम को पत्र भेज की सुरक्षा देने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
श्री हिंदू तख्त के राष्ट्रीय प्रचारक एवं एंटी टेररिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर खुलासा किया कि उन्होंने जगतार सिंह हवारा की ओर से वर्ल्ड सिख पार्लियामेंट बनाने का विरोध किया था। इसके बाद उन्हें +77948730 और +918095339114 नंबर से कॉल कर धमकी देने वाले ने कहा की तुम्हें भी वैसे ही मारेंगे जैसे अमृतसर में विपन शर्मा को मारा है। खालिस्तानी आतंकी के फोन की रिकॉर्डिंग व सुरक्षा देने के लिए पत्र मुख्यमंत्री और डीजीपी को श्री हिंदू तख्त की ओर से भेजा है। वीरेश शांडिल्य ने कहा पहले खालिस्तानियों ने श्री हिंदू तख्त लुधियाना के प्रचारक अमित शर्मा को मौत के घाट उतारा था। इसलिए इस धमकी को हलके में न लिया जाए। शांडिल्य ने कहा वह किसी कीमत पर भी खालिस्तानियों की गीदड़भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। हिंदू तख्त खुलकर वर्ल्ड सिख पार्लियामेंट व बब्बर खालसा के आतंकी जगतार सिंह हवारा का विरोध करेगा। किसी कीमत पर भी पंजाब की अमन व शांति को भंग नहीं होने दिया जाएगा। हिंदू तख्त के धर्माधीश जगतगुरु पंचानंद गिरी महाराज ने मुख्यमंत्री और डीजीपी को लिखे पत्र में कहा की पुलिस की लापरवाही से श्री हिंदू तख्त पहले लुधियाना प्रचारक अमित शर्मा को खो चुका है। अब इस धमकी के बाद पंजाब सरकार व पुलिस लापरवाही न बरतें।