बुडै़ल जेल में कैदी ने किया आत्महत्या का प्रयास
- मर्डर केस में 2012 से बुड़ैल जेल में बंद है राहुल
- जेल डिस्पेंसरी में दीवार पर दे मारा सिर, हाथ की नस भी काटी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मर्डर केस में बुड़ैल जेल में बंद राहुल नेे बुधवार को खुदकुशी करने का प्रयास किया। कैदी ने घटना को उस वक्त अंजाम देना चाहा, जब वह सिरदर्द की दवा लेने के लिए जेल की डिस्पेंसरी में गया और वहां पर दीवार पर सिर टकराने लगा। इसके साथ ही वहां पर रखे कांच के गिलास को तोड़कर हाथ की नस काट ली। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल सेक्टर-39 में हुए एक मर्डर केस में 2012 से बुड़ैल जेल में बंद हैै। मंगलवार दोपहर को पुलिस को सूचना मिली कि बुड़ैल जेल में बंद राहुल ने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि राहुल का सिरदर्द हो रहा था। उसे जेल के ही डिस्पेंसरी में ले जाया गया। वहां जाकर वह डॉक्टर से नींद की गोली मांगने लगा। मना करने पर वह अपना सिर दीवार पर मारने लगा और पास ही रखे एक कांच के गिलास को तोड़कर हाथ की नस काटनी शुरू कर दी। इसे देखते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।