वेलेंटाइन-डे : महिलाओं के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा
- गर्ल्स कॉलेज, सुखना लेक, पार्कों व पीयू में महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में रहेंगी तैनात
- मनचलों पर रहेगी नजर, तैनात रहेंगे नौ सौ पुलिसकर्मी, शाम चार से रात 10 बजे तक लगेंगे पुलिस नाके
- सुबह 11 से रात 10 बजे तक बाजारों में गश्त करेगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
वेलेंटाइन-डे के मौके पर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति यूटी पुलिस सतर्क रहेगी। इस बीच पुलिस की ओर से मनचलों और हुड़दंगियों पर खास तौर से नजर रखी जाएगी। सुरक्षा की जिम्मेदारी शहर में तमाम जगहों पर तैनात किए जाने वाले नौ सौ पुलिसकर्मियों के कंधे पर होगी। गर्ल्स कॉलेज, सुखना लेक, पार्कों व पीयू में महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात रहेंगी। वहीं शाम चार से रात 10 बजे तक शहर में जगह-जगह पुलिस नाकेलगेंगे। सुबह 11 से रात 10 बजे तक बाजारों में पुलिस की गश्त जारी रहेगी।
पीसीआर कर्मी शहर भर में पेट्रोलिंग ड्यूटी करेंगे और लड़कियोें के हॉस्टल, कॉलेज व पंजाब विश्वविद्यालय के समीप पुलिसकर्मी पीसीआर जिप्सी और मोटरसाइकिल सहित ड्यूटी पर होंगे। हर जगह की सुपरवीजन डीएसपी और इंस्पेक्टर सीधे तौर पर करेंगे। महिलाएं व युवतियां किसी प्रकार की परेशानी होने पर घर पहुंचने के लिए पीसीआर नंबर-100 व 1091 पर कॉल कर पुलिस विभाग की पिक एवं ड्रॉप सुविधा का फायदा ले सकती हैं।
महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ व उनका पीछा करने के मामलों की रोकथाम केलिए शहर में अतिरिक्त फोर्स लगाई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व 6 डीएसपी, 24 इंस्पेक्टर व एसएचओ, 685 एनजीओ, ओआरएस और 105 महिला ओआरएस करेंगी। लड़कियों के हॉस्टल, कॉलेज, पंजाब विश्वविद्यालय सहित व्यस्ततम बाजार और मॉल्स में पुलिसकर्मियों को अधिक संख्या में तैनात किया जाएगा। साथ ही लड़कियों के कॉलेज सहित पीयू , सुखना लेक, लेजर वैली सहित अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात किया जाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों के मद्देनजर रिजर्व फोर्स को भी अलर्ट पर रखा गया है।
गेड़ी रूट पर भी नहीं बचेंगे शरारती तत्व
यंगस्टर्स के पसंदीदा गेड़ी रूट पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सेक्टर-11,12 टर्न से सेक्टर-10 व लेजर वैली पार्क तक पुलिसकर्मी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को भी पुलिस ने आड़े हाथ लेने की योजना बनाई है। खतरनाक ड्राइविंग, तेज रफ्तार, ड्रंकन-ड्राइव और प्रेशर हॉर्न बजाने वालों पर कार्रवाई के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा।