धमकी देने में फंसे पार्षद बच्चा पासी, तीन करोड़ का टेंडर निरस्त
- सोमवार को निगम परिसर में 50 असलहाधारियों संग आए थे
- डीएम ने पार्षद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का दिया निर्देश
इलाहाबाद। नगर निगम में कुंभ कार्यों का ठेका हथियाने के लिए दबंगई और धमकी देने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। सोमवार को 50 असलहाधारियों के साथ नगर निगम परिसर में आने वाले पार्षद बच्चा पासी फंसे हैं। ठेकेदारों की शिकायत पर नगर आयुक्त ने एलईडी लाइट के लिए होने वाले तीन करोड़ का टेंडर निरस्त कर दिया है। वही मामले की जानकारी होने पर डीएम ने पार्षद बच्चा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
नगर निगम में सोमवार को कुंभ के दौरान करीब तीन करोड़ की लागत से होने वाले एलईडी लाइट के काम का ऑनलाइन टेंडर भरने वाले प्रपत्रों का लिफाफा जमा करने आए थे। महापौर अभिलाषा गुप्ता के मुताबिक कई ठेकेदारों ने उनके कक्ष में आकर धमकी देने की शिकायत की थी। आरोप पार्षद बच्चा पासी पर लगाया गया। इस बीच बच्चा असलहाधारियों के साथ महापौर के कक्ष तक पहुंचे। महापौर के निर्देश पर नगर आयुक्त ने टेंडर निरस्त कर दिया। ठेकेदारों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी सुहास एलवाई से की थी। महापौर ने भी डीएम को घटनाक्रम की जानकारी दी। मंगलवार को डीएम ने धमकी देने के मामले में पार्षद बच्चा पासी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस शिवमंगल सिंह ने बताया अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।