चोरों ने उड़ाया घर से 15 लाख रुपये के गहने
- पुलिस के दर्ज कर खंगाले सीसीटीवी फुटेज, नहीं मिला आरोपियों का सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-36 स्थित एक घर से अज्ञात चोरों ने 15 लाख रुपये के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब परिवार काम पर और बच्चा स्कूल गया हुआ था। मामले की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात सेक्टर-36 स्थित मकान नंबर-30 की है। घर के मालिक दिनेश गौतम की सेक्टर-17 में हार्डवेयर कंप्यूटर का काम करते हैं। जबकि उनकी पत्नी सेक्टर-19 स्थित भांखड़ा ब्यास बांध बोर्ड में कार्यरत है। शुक्रवार सुबह दिनेश करीब 8:30 बजे अपने काम पर चले गए। जबकि करीब 10 बजे उनकी बेटी स्कूल और मां काम पर चली गई। पुलिस को दी शिकायत में दिनेश ने बताया कि जब वह शाम को घर लौटा तो लॉक टूटा हुआ था। अंदर गया तो सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। इसके बाद आलमारी चेक किया तो उसमें रखे 15 लाख रुपये के सोने गहने गायब थे। जिसमें एक सोने का किट्टी सेट, हार, टिक्का, नोज रिंग, पांच अंगूठी, गोल्ड रिंग, दो कंगन और चार झुमका शामिल था। शोर-शराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए, जिसके बाद मामले की सूचना फौरन पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही पीसीआर और सेक्टर-36 थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर पीड़ित का बयान दर्ज किया। वहीं वारदात के बाद पुलिस ने एरिया में लगे आसपास सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई कि आरोपियों ने चोरी की वारदात को किस समय अंजाम दिया।