परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के पति और ससुर गिरफ्तार, अन्य फरार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-46 में रीता यादव (25) की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि रीता की हत्या कर सुसाइड का नाम दिया जा रहा है। फिलहाल सेक्टर-34 थाना पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304बी और 34 के तहत मामला दर्ज कर पति संदीप यादव और ससुर श्री राम को गिरफ्तार कर लिया है। ननद, सास और देवर अभी फरार हैं। शनिवार को पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
बीते शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि सेक्टर-46 स्थित मकान नंबर (4460) में एक युवती ने सुसाइड कर लिया है। सूचना पर पीसीआर और सेक्टर-34 थाना प्रभारी बलदेव कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि युवती का पति प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि उसका ससुर लाइब्रेरी में जॉब करता है। रीता यादव की पिछले साल 23 फरवरी को सेक्टर-46 निवासी संदीप से शादी हुई थी। मृतका के परिजन आरोप लगा रहे हैं कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए उसे परेशान कर रहे थे। इसके चलते वह कई बार घर भी आ चुकी है। उन्होंने बताया कि रीता करीब पांच दिन पहले ही अपने ससुराल गई थी।