पंचकूला। एक किशोरी समेत दो युवतियों से छेड़छाड़ के आरोपियों को अरेस्ट नहीं करने पर पीड़िता और उनका परिवार मंगलवार को महिला थाने में धरने पर बैठ गया। परिवार के सभी 12 लोग महिला थाना परिसर में जमीन पर ही बैठ गए। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों को अरेस्ट करने के बजाय उन्हें खुलेआम घूमने दे रही है। परिवार ने कहा कि मंगलवार को पुलिस ने उन्हें कहा कि आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है। उन्हें बाद में पता लगा कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है। यह सुनने के बाद परिवार महिला थाने आकर इंसाफ के लिए वहीं धरना देकर बैठ गया। मामले में एसीपी नुपुर बिश्नोई ने परिवार से बात की और उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले में दोनों पीड़िताओं ने पुलिस को एक 1 जून को शिकायत दी थी। फिर 2 जून को एक पीड़िता के 164 के बयान रिकॉर्ड किए गए और तीन जून को नाबालिगा के बयान दर्ज किए गए थे। लेकिन एक महीना पूरा होने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट नहीं किया है। इससे परिवार में भारी रोष है। परिवार के मुताबिक आरोपी खुलेआम घूमकर पीड़िताओं के चरित्र के संबंध में गलत अफवाहें फैला रहे हैं।