पंचकूला। सेक्टर-26 स्थित गांव मोगीनंद में एक युवक ने मंगलवार की दोपहर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत पाया गया। व्यक्ति की पहचान गांव मोगीनंद निवासी दिनेश कुमार (25) के रूप में हुई है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। उस दौरान पता लगा कि दिनेश कुमार ने टीन के कमरे में फंदा लगाया है। दिनेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और पंचकूला में लेबर का काम करता था। उसे फंदे से लटके एक व्यक्ति ने देखा और फिर पुलिस को सूचना दी। थाना चंडीमंदिर से भी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस फिलहाल खुदकुशी के कारणों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल-6 में रखवाया है।