चंडीगढ़। बीते माह दो सब्जी विक्रेताओं पर तेजधार हथियार से हमलाकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद किया है। आरोपियों की पहचान धनास निवासी सूरज सिंह उर्फ मोनू (19), सेक्टर-25 निवासी विकास उर्फ काका (24) और रॉबिन (19) के रूप में हुई है।
बीते 4 मई को पीड़ित हरपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सेक्टर-38 निवासी है। वह सब्जी बेचने काम करता है। रोजाना की तरह सुबह करीब 4 बजे अपनी रेहड़ी से सेक्टर-26 स्थित मंडी से सब्जी लेने जा रहा था। सेक्टर-20/30 स्थित गुरुद्वारा के पास पहुंचा तो उसका एक काले रंग की कार ने रास्ता रोक लिया। युवक ने कार से उतरकर उससे बीड़ी मांगी। उसके मना करने पर आरोपियों ने उस पर हथौड़ा और तेजधार हथियार से वारकर उससे 3 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गए।
वहीं, मुल्लांपुर निवासी अर्जुन ने सेक्टर-26 थाना पुलिस को बताया था कि सुबह मंडी जाते समय सेक्टर-7 में कार सवारों ने तेजधार हथियारों से उसपर हमला करके उससे 6 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। दोनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने लूटपाट व अन्य धाराओं के तहत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। वारदात के बाद क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर अमनजोत सिंह की अगुवाई में टीम गठित की गई। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद किया है। आरोपियों के गिरफ्त में आने से सेक्टर-26, सेक्टर-19 में लूट और सारंगपुर थाने में बाइक चोरी केस को सुलझा लिया गया है।