युवक की धुनाई मामले में पुलिस ने दर्ज किया केस
- स्कॉर्पियो में पीटने आए थे लोग, पैर और हाथ में है जख्म
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। इंदिरा कालोनी निवासी रवि की पिटाई के मामले में पुलिस ने आरोपी लाली निवासी पटियाला पर मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। सेक्टर-16 चौकी इंचार्ज बलदेव सिंह ने बताया कि रवि कंपनी के नाम पर निकाली गई गाड़ी की किस्त भर रहा था। इस गाड़ी की किस्त की मांग उसने अपने मालिक से की। उसने किस्त देने से मना कर दिया। इस पर रवि ने आरोपी के रिश्तेदार लाली को फोन किया। लाली ने कई लोगों के साथ मिलकर रवि की पिटाई कर दी। गौरतलब है कि स्कार्पियो से सवार होकर पटियाला से आए कुछ लोगों ने एक युवक को घर से बाहर बुलाकर गन प्वाइंट पर लेकर जमकर धुनाई की। इसके बाद उन्होंने युवक को गाड़ी में जबरन डालने की कोशिश की। लेकिन वहां भीड़ इकट्ठा होने पर आरोपी फरार हो गए। घायल हालात में जनरल अस्पताल में रवि को पहुंचाया गया था। रवि सेक्टर -8 की फैक्टरी में काम करता था। एक्टिवा कंपनी की दुपहिया निकालने के बाद मालिक ने किस्त देनी बंद कर दी। रवि से उसने किस्त देने को कहा। रवि ने किस्त देने के बाद अपने पैसे की मांग की। कंपनी मालिक के रिश्तेदार लाली ने रवि की जमकर धुनाई कर दी। इस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मारपीट के मामले की तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पैसे मांगने पर रवि के साथ मारपीट की गई है। मारपीट में कौन से लोग शामिल है। इसकी भी जांच जारी है। - बलदेव सिंह, चौकी इंचार्ज, सेक्टर-16