अब हाईवे पर 5 मिनट में मिलेगी पुलिस सहायता
- डीसीपी के आदेश पर 9 पीसीआर गाड़ियां की गईं तैनात
- सुरक्षा और सहायता के लिए पंचकूला को मिले 100 जवान
- ट्रेनिंग के बाद सुरक्षा यंत्रों के साथ ड्यूटी पर हुए तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। अब आपको हाईवे पर पुलिस सहायता के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कंट्रोल रूम पर फोन मिलाने के पांच मिनट में पीसीआर की गाड़ी आपके पास होगी और उसमें सवार पांच जवान हरसंभव आपकी मदद को तैयार होंगे। लोगों की शिकायत को दूर करने के लिए पुलिस प्रशासन ने यह सराहनीय कदम उठाया है। कोहरे में हाईवे पर होने वाले हादसों और क्राइम को रोकने के लिए पंचकूला पुलिस को 100 अतिरिक्त होमगार्ड मिले हैं, जिन्हें स्पेशल ट्रेनिंग देने के बाद शनिवार रात को ही सुरक्षा यंत्रों के साथ ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया है।
9 पीसीआर में तैनात होंगे 45 जवान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाईवे पर लोगों की सहायता के लिए 9 पीसीआर तैनात की गई हैं। प्रत्येक गाड़ी में 5 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। इनके पास सुरक्षा से जुड़े यंत्र होंगे। जिसके जरिए वह किसी तरह की अप्रिय घटना को रोक सकें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी व्यक्ति की ब्रेक डाउन होने पर भी वह पुलिस की सहायता ले सकता है। इसके अलावा गाड़ी खराब हो गई तो पीसीआर में सवार जवानों की सूचना पर क्रेन के जरिए उसे हाईवे से हटवाया जाएगा।
हर आठ किलोमीटर पर एक पीसीआर
हाईवे पर होने वाले क्राइम को कंट्रोल करने के लिए हर आठ किलोमीटर की दूरी पर एक पीसीआर गाड़ी को तैनात किया गया है। पीसीआर में तैनात जवानों के पास वॉकी टॉकी की सुविधा भी होगी। ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि जैसे ही कोई व्यक्ति किसी तरह की सहायता के लिए पुुलिस कंट्रोल रूम नंबर पर फोन मिलेगा। उसकी सूचना तत्काल संबंधित पीसीआर के पास पहुंच जाएगी। जवान मौके पर पहुंच कर स्थिति की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देंगे।
चौक और चौराहों पर भी दिखेंगे होमगार्ड
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभी तक शहर के कुछ चौक और चौराहे ऐसे हैं जहां पुलिस के जवान दिन या फिर रात में ही दिखाई देते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। जवानों की संख्या बढ़ने के साथ ही उनकी तैनाती की भी प्लानिंग तैयार कर ली गई है। अधिकारियों ने ऐसा प्लान तैयार किया है कि शहर के हर चौक पर तीन से चार जवान ड्यूटी पर तैनात दिखाई देंगे।
इस रूट पर मिलेगी सीपीआर
जीरकपुर बाईपास से टोल टैक्स के बीच, मल्ला से परवाणू बॉर्डर के बीच एक-एक गाड़ी तैनात होगी। इसी तरह पिंजौर से नालागढ़, बद्दी बॉर्डर के बीच गाड़ियां लोगों की सहायता के लिए तैनात होंगी। माजरी चौर से मट्टावाला, मौली चौकी से रायपुररानी, नारायणगढ़ से अंबाला बॉर्डर के बीच हाईवे पर गाड़ियां लोगों को मिलेंगी। इन गाड़ियों में तैनात होने वाले जवानों के पास रेड लाइट, रिफ्लेक्टर, रिफ्लेक्टर कोण आदि जैसे सुरक्षा यंत्र मौजूद होंगे।
हाईवे पर कोहरे में होने वाले हादसों को रोकने के लिए पीसीआर तैनात की गई है। प्रत्येक पीसीआर में पांच होमगार्ड जवान होंगे। जो किसी तरह की दुघर्टना होने पर सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। यदि किसी की गाड़ी में हाईवे के बीच कोई तकनीकी खराबी आ जाती है तो उसे बचाने के लिए सुरक्षा यंत्र लगाएंगे। यदि जरूरत पड़ेगी तो मौके पर क्रेन भी भेजी जाएगी।
- कमलदीप गोयल, डीसीपी पंचकूला।