2.75 किलोग्राम चरस के साथ महिला गिरफ्तार
स्कूटी पर निकली थी सप्लाई देने, वाटिका पार्क में नाके के दौरान चढ़ी पुलिस के हाथ
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। शहर की क्राइम ब्रांच और थाना-5 पुलिस ने नाका लगाकर चरस की डिलीवरी देने जा रही आरोपी महिला नमिता सिंह को वाटिका पार्क के पास 2.75 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। महिला को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। महिला को कोर्ट ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर कर्मवीर सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला एक्टिवा में चरस लेकर बेचने जा रही है। इस पर क्राइम ब्रांच की ओर से इंस्पेक्टर कर्मवीर सिंह, इंस्पेक्टर परविंदर सिंह, लेडी कांस्टेबल सुमन सहित थाना-5 की पुलिस टीम ने वाटिका पार्क के समीप नाका लगाकर जांच शुरू कर दी। क्राइम ब्रांच की टीम ने बताया कि एक महिला वाटिका पार्क के पास स्कूटी से आ रही थी। इस दौरान नाके पर चेकिंग देखकर उसने अपनी स्कूटी पहले ही रोक दी। इस पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने महिला का पीछा किया और पकड़ी गई महिला की तलाशी ली तो उसके पास से 2.75 किलोग्राम चरस बरामद हुई। महिला की पहचान सेक्टर-8 निवासी नमिता सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि महिला को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस ने कोर्ट में दलील दी कि महिला से यह पूछताछ करनी है कि वह इस चरस को किसे डिलीवर करने जा रही है। पंचकूला में कहां नशे का कारोबार हो रहा है। पुलिस की दलील पर अदालत ने महिला को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि महिला से तफ्तीश जारी है। जल्द ही चरस की डिलीवरी लेने वाले अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। महिला पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत थाना -5 में मामला दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।