दोनों आरोपियों के कब्जे से 150 ग्राम हेरोइन बरामद
नशापूर्ति करने के लिए कर रहे थे नशा तस्करी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बाहरी राज्यों से नशीला पदार्थ लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले दो तस्करों को थाना सदर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मामले में पुलिस ने न्यू शिमलापुरी स्थित चिमनी रोड निवासी सुरिंदर सिंह और गांव लापरां के रहने वाले प्रदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया। यहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांच अधिकारी थाना सदर में तैनात इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि एएसआई अश्वनी कुमार की अगुवाई में थाना चौकी ललतों कलां की पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी नशा करने के आदी है और नशापूर्ति के लिए ही दोनों आरोपी नशा तस्करी का भी धंधा करते हैं। हेरोइन की सप्लाई करने के लिए ही दोनों आरोपी वहां से जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दोनों आरोपियों को रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी नशेड़ी हैं और नशे में होने के कारण वह यह नहीं बता सके कि वह कौन से राज्य से हेरोइन लाकर सप्लाई करते थे। वह काफी समय से नशा तस्करी का धंधा कर रहे थे। उन्हें रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।