डेरा फक्करा के संचालक दंपति के खिलाफ 23 लाख 58 हजार की ठगी का एक और केस दर्ज
आरोपी दुष्कर्म के मामले में हो चुका है गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। गांव फतेहगढ़ छन्ना में स्थित डेरा फक्करां के संचालक दिनेश सिंह कादरी, जिसको पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया हुआ है, उसके व उसकी पत्नी रुपिंदर कौर पर सत्या देवी सहित अन्य कई व्यक्तियों के साथ 23 लाख 58 हजार की ठगी करने का एक और मामला दर्ज किया गया है। थाना धनौला के प्रभारी इंस्पेक्टर नायब सिंह ने बताया कि सत्या देवी पत्नी नरिंदर कुमार निवासी 42-सी सेक्टर चंडीगढ़ के बयान पर केस दर्ज करके दिनेश सिंह गिल उर्फ दिनेश शाह कादरी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि बाबा ने सत्या देवी से 7 लाख 48 हजार रुपये, खुशदीप गोयल बरनाला से 1 लाख 63 हजार, मोहन लाल मालेरकोटला से 7 लाख 21 हजार, तरसेम सिंह काला निवासी भीखी से 5 लाख 76 हजार, बलकार सिंह निवासी भीखी से डेढ़ लाख रुपये लेकर कहा था कि वह अपनी दैवी शक्तियों से उनके तमाम रुके काम कर देगा। बाबा ने उनसे रुपये लेकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया था, परंतु जब काम होने के लिए पूछते तो बहाने लगाने शुरू कर दिए। उन्होंने बताया कि कादरी की पत्नी रुपिंदर कौर ने भी दांतों का अस्पताल खोला था जो अस्पताल में भोले-भाले लोगों को फंसा लेती थी। एक माह का समय बीतने पर लोगों को बाबा की असलियत पता लगी कि इसके पास कोई दैविक शक्ति नहीं है। उन्होंने बताया दिनेश कादरी व इसकी पत्नी रुपिंदर कौर के पास कोई ऐसी डिग्री नहीं है, जिससे अस्पताल खोला जाएं, जिसकी जांच थानेदार मनजीत सिंह कर रहे हैं। दिनेश कादरी को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में काबू किया हुआ है। जिस का पुलिस की तरफ से रिमांड लेकर की पूछताछ दौरान मानने पर गांव जमालपुर मास्टर कालोनी में स्थित गुरु डेंटल क्लीनिक व गुरु क्लीनिक निजी अस्पतालों को 10 नवंबर को जिला लुधियाना के मेडिकल अधिकारी डॉक्टर तीर्थ सिंह, डॉक्टर एसपी सिंह व ड्रग इंस्पेक्टर रुपिंदर कौर व पुलिस लाइन बरनाला के डॉक्टर राहुल गर्ग ने अपनी समूह टीम सहित इन अस्पतालों को सील कर दिया गया था। थानेदार मनजीत सिंह ने बताया कि ठगी के मामले में केस रजिस्टर्ड कर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।