मोबाइल और पांच हजार की नकदी थी पर्स में
आरोपियों का पता लगाने में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। अपनी मौसेरी बहन के साथ किट्टी पार्टी में जा रही एक महिला का महानगर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में एक्टिवा सवार लुटेरों ने पर्स छीन लिया। जब तक महिला कुछ कर पाती आरोपी फरार हो गया। महिला ने शोर मचाया तो किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना मॉडल टाउन की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मॉडल टाउन की रहने वाली रविंदर कौर की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
रविंदर कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने कुछ महिला सदस्यों के साथ किट्टी डाली हुई है। बुधवार को उनकी किट्टी पार्टी थी। वह अपनी मौसेरी बहन के साथ पार्टी में जा रही थी कि रास्ते में एक्टिवा सवार लुटेरों ने उसका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया लेकिन आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। महिला ने लुटेरों का पीछा करने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर किरणजीत कौर ने बताया कि लुटेरों का अभी कुछ पता नहीं चला है। आसपास के सीसीटीवी की फुटेज चेक की गई है लेकिन उसमें कुछ साफ नजर नहीं आ रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही लुटेरों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।