फिरोजपुर के एडिशनल रजिस्ट्रार और सुपरिंटेंडेंट खिलाफ केस दर्ज
विजिलेंस ने जन्म-मृत्यु शाखा और सिविल सर्जन दफ्तर में की कार्रवाई
रिश्वत लेकर हत्या के आरोपी को जाली जन्म सर्टिफिकेट बनाकर देने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना विजिलेंस ब्यूरो ने फिरोजपुर के एडिशनल रजिस्ट्रार जन्म/मृत्यु ओर सिविल सर्जन दफ्तर के सुपरिंटेंडेंट के खिलाफ भ्रष्टाचार एवं जालसाजी की धाराओं तहत केस दर्ज किया है। इन पर मोटी रकम लेकर हत्या के केस में गिरफ्तार आरोपी को जाली जन्म सर्टिफिकेट बनाकर देने का आरोप है।
एक विजिलेंस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक पड़ताल बाद फिरोजपुर के एडिशनल रजिस्ट्रार जन्म /मृत्यु राजिंदर मनचंदा और सुपरिंटेंडेंट बलजीत सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकू एक्ट के अलावा धारा 420 /465 /467 /468 /471 /120 बी के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारी के मुताबिक केस की जांच के दौरान अगर किसी अन्य आरोपी के शामिल होने की बात सामने आई तो उसे भी नामजद किया जाएगा।
विजिलेंस मुताबिक थाना कुलगड़ी (फिरोजपुर) 2 मई 2017 को दर्ज हत्या के केस में गुरविंदर सिंह पुत्र बलदेव सिंह गांव नाड़ा मल्लांवाला को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी गुरविंदर सिंह की सही जन्म तारीख 2 अक्तूबर 1997 सिविल सर्जन दफ्तर के जन्म रिकार्ड में दर्ज है। आरोपी सुपरिंटेंडेंट व अन्य की मिलीभगत से हत्या केस में गिरफ्तार आरोपी को नाबालिग दिखाकर अदालत में फायदा लेने के खातिर गुरविंदर सिंह की मां मनजीत कौर ने 8 जून 2017 को उसका सुविधा सेंटर पर जन्म सर्टिफिकेट लेने के लिए अर्जी दी। आरोपी सुपरिंटेंडेंट बलजीत सिंह ने उस दिन ही हत्या केस में गिरफ्तार आरोपी गुरविंदर सिंह की जन्म तारीख 2 मई 1999 लिखित कर जन्म सर्टिफिकेट जारी कर दिया। जब कि गुरविंदर की सही जन्म तारीख 2 अक्तूबर 1997 थी। इसके बाद आरोपी गुरविंदर सिंह का यह जाली जन्म सर्टिफिकेट 1 अगस्त 2017 को अदालत में पेश कर दिया गया था। विजिलेंस को शिकायत मिलने बाद मामले की प्राथमिक पड़ताल बाद राजिंदर मनचंदा एडिशनल रजिस्ट्रार जन्म /मृत्यु फिरोजपुर के अलावा जन्म मृत्यु शाखा के सुपरिटेंडेंट बलजीत सिंह खिलाफ यह केस दर्ज किया गया है।