पंजाब पुलिस के हवलदार व उसकी पत्नी पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
शिकायतकर्ता ने 6 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का आरोप लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। दशमेशनगर मोगा निवासी जगदीश सिंह ने पंजाब पुलिस के हवलदार बलजिंदरपाल और उसकी पत्नी पर मिलीभगत कर मकान बेचने के मामले में उसके साथ 6 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच के बाद थाना सिटी मोगा में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायत पत्र में जगदीश सिंह दीशा पुत्र दर्शन सिंह निवासी दशमेश नगर मोगा ने कहा कि वह स्कूटर मरम्मत करने की अमृतसर रोड पर दुकान करता है। उसकी 1996 में हवलदार बलजिंदरपाल शर्मा निवासी बरगाड़ी (फरीदकोट) जो मोगा पुलिस में तैनात था, के साथ जान पहचान हुई। उसने मुझे कहा कि वह अपने बच्चों को मोगा लाना चाहता है। जिस पर उसने अपने दोस्त का मकान दिलवा दिया और हमारी काफी नजदीकी हो गई। वह उनसे कई बार पैसे भी उधार ले जाता। उसने उसे कहा कि चक्की वाली गली मोगा में पुराना मकान मिल रहा है और हम उसे खरीद कर बिक्री कर देंगे, जिससे हमें काफी मुनाफा होगा। जिसे बलजिंदरपाल ने अपने नाम कर लिया तथा मरम्मत के बाद तैयार करके खुद ही बिक्री कर दिया। जबकि मकान खरीदते मुझे कहा गया कि वह जो मुनाफा आएगा वह आधा-आधा बांटेंगे, लेकिन उसने अकेले ही मकान बिक्री कर 6 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। उसने कई बार उनसे पैसों की मांग की, लेकिन उन्होंने पैसे वापस नहीं किए। जब उसने उसकी पत्नी रेशमा रानी उर्फ मनप्रीत कौर को पैसे वापस करने को कहा तो वह भी मुझे धमकियां देने लगी और कहा कि वह उसके खिलाफ कोई भी झूठा मामला दर्ज करा देगी। जिस पर वह डर गया। इस तरह दोनों दंपति ने कथित मिलीभगत करके धोखाधड़ी की है।
जिला पुलिस अधीक्षक मोगा के आदेश पर मामले की जांच डीएसपी सिटी केसर सिंह द्वारा की गई। जांच के बाद शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाने पर मोगा पुलिस के हवलदार तथा उसकी पत्नी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया। इस मामले की जांच सहायक थानेदार गुरनेक सिंह द्वारा की जा रही है।