जीजा को पीटा, बहन और बच्चों को ले गए साथ
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की आरोपियों की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
सालों ने अपने साथियों को साथ लेकर अपने जीजा के घर जाकर उसकी पिटाई की और उसके बच्चों और पत्नी को लेकर फरार हो गए। जानकारी देते हुए थाना सदर बरनाला के हवलदार गुरदीप सिंह ने बताया कि प्रीतम सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी गांव मल्लियां ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी शादी करीब 10 साल पहले रणवीर कौर पुत्री मलकीत सिंह निवासी कराडवाला के साथ हुई थी और उसकी घरवाली रणवीर कौर अकसर उससे बेवजह झगड़ा करती रहती है। थोडे़ दिन हुए उसने फिर उसके साथ घरेलू कलह किया और बहाना बनाकर गांव चली गई और फिर वापस आ गई। उसने बताया कि 6 मई को उसका ससुर मलकीत सिंह, चाचा ससुर काला सिंह व उसके दोनों साले सेवक सिंह व कुलदीप सिंह उसके घर जबरन आ घुसे और आते ही जानलेवा हमला कर दिया। दोनों सालों के हाथ में किरच इत्यादि तेजधार हथियार थे। उसने बचाओ बचाओ का शोर मचाया। जब तक आसपास के लोग एकत्रित होते सभी उसकी पत्नी और बच्चों को गाड़ी में बिठाकर फरार हो गए। हवलदार गुरदीप सिंह ने बताया कि मौके पर जाकर घटना की जांच कर लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इसके बाद पीड़ित प्रीतम सिंह के बयान पर सेवक सिंह, कुलदीप सिंह, मलकीत सिंह और काला सिंह के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।