नौकरी का झांसा देकर 5.20 लाख ठगे
बरनाला। थाना रूड़ेकेकलां पुलिस ने बैंक व शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सवा पांच लाख की ठगी करने आरोप में गांव धौला निवासी रविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता हरजीत सिंह निवासी बुग्गरां ने बताया है कि उसकी बेटी व दामाद पढ़े लिखे हैं। उन्हें नौकरी की जरूरत थी। किसी तरह से आरोपी रविंदर सिंह उनके संपर्क में आ गया था। उसने बेटी व दामाद को बैंक व शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का दावा किया था। इसके बदले उसने सवा पांच लाख रुपए की मांग की थी। उन्होंने उसे 5.20 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी ने न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे लौटाए। एसएसपी के निर्देश पर जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।