गन प्वाइंट पर पेट्रोल पंप के कारिंदे से 40 हजार लूटे
बटाला। हथियारबंद लुटेरों ने बुधवार देर रात को अमृतसर-जालंधर बाईपास चौक में एक पेट्रोल पंप से 40 हजार लूट लिए। अमृतसर रोड पर अतुल फिलिंग स्टेशन के मालिक ऋषि सैली ने बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे एक आई-ट्वंटी कार में पांच लोग आए। उन्होंने पंप के कर्मचारी राजन को कार में 1 हजार रुपये का पेट्रोल भरने के लिए कहा। तेल भरवाने के बाद जब राजन ने उनसे पैसे मांगे, तो उनमें से एक ने पिस्टल निकालकर उस पर तान दी और सारा कैश देने के लिए कहा, लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे। लुटेरे उसे गन प्वाइंट पर पंप के केबिन में ले गए। वहां पर कैश बॉक्स का ताला तोड़कर उसमें पड़े करीब 40 हजार रुपये निकाल लिए। लुटेरे जाते हुए वहां से मोबिल ऑयल के दो केन भी ले गए। थाना सिविल लाइन के एसएचओ परमजीत सिंह और डीएसपी डीएसपी सुच्चा सिंह बल मौका पर पहुंचे। पेट्रोल पंप मालिक ऋषि सेली ने बताया कि उन्होंने इसकी लिखित शिकायत पुलिस अधिकारियों को दे दी है। एसएचओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।