पार्क में धूप सेंक रही महिला के तीन मोबाइल ले भागा चोर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-22 के नेहरू पार्क में शनिवार को धूप सेंक रही महिला के पास रखे तीन मोबाइल फोन एक अज्ञात युवक उठाकर भाग निकला। वारदात का पता उस समय लगा, जब महिला पास में रखे मोबाइल को उठाने लगी। तीनों मोबाइल गायब देख उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को महिला ने अपनी पहचान जीरकपुर के शिवालिक विहार निवासी ऊषा के रूप में बताई। उन्होंने बताया कि वह नेहरू पार्क में बैठी थीं। उसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उनके पास आकर फोन करने के लिए उनसे मोबाइल मांगा लेकिन उन्होंने मोबाइल देने से इनकार कर दिया और युवक लौट गया। कुछ देर बाद वही युवक दोबारा उनके पास पहुंचा और पास में रखे तीनों मोबाइल चोरी कर फरार हो गया। महिला ने पुलिस बताया कि आरोपी ने ऑरेंज कलर की टीशर्ट व ग्रे कलर का ट्राउजर व स्लीपर पहने हुए थे। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।