बाहरी राज्यों से पंजाब में आ रही अवैध शराब
सस्ती शराब लाकर महंगे भाव में सप्लाई करते हैं तस्कर, ठेकेदार चिंता में
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
राज्य में इस बार भारी मात्रा में बाहरी रा्ज्यों से शराब की तस्करी हो रही है। शराब तस्कर राज्य में ज्यादातर शराब चंडीगढ और हरियाणा से लेकर आते हैं, जोकि पंजाब के विभिन्न जिलों में लाकर बेचते हैं। बाहरी राज्यों से बरनाला में सबसे ज्यादा शराब आ रही है। बरनाला में शराब तस्कर ज्यादा सक्रिय हैं, जो हरियाणा, चंडीगढ़ व अन्य राज्यों से सस्ती शराब लाकर यहां बेचते हैं। पिछले दिनों बरनाला पुलिस सैकड़ों पेटियाें सहित शराब के तस्करों का पकड़ चुकी है। लेकिन बाहरी राज्यों से शराब की तस्करी भारी मात्रा में जारी है। जिले में करीब 12 थाने पड़ते हैं और सभी थानों की पुलिस रोज अवैध शराब पकड़ रही है। जो बाहरी राज्यों की पाई गई है। गत दिनों बरनाला पुुलिस ने 50 पेटियां हरियाणा मार्का शराब पकड़कर पांच शराब तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया। वहीं पुलिस ने 200 बोतलें और अवैध शराब की पकड़ीं। वीरवार को भी बरनाला पुुलिस ने 96 बोतलें शराब पकड़ी हैं। इस तरह पूरे राज्य में बाहरी शराब लाने का धंधा जोरों पर है, लेकिन बरनाला में शराब तस्कर कुछ ज्यादा ही सरगर्म हैं और पुलिस भी उनको पकड़ने के लिए समय तत्पर रहती है। जिस कारण रोज भारी मात्रा में बरनाला पुलिस की ओर से बाहरी राज्यों से आ रही शराब को पकड़ा जा रहा है। दूसरी तरफ करोड़ों की बोली पर बरनाला के शराब के ठेके लेने वाले चिंता में हैं। वह बाहरी राज्यों से आ रही शराब की तस्करी को रोकने के लिए जहां पुलिस के पास रोज चक्कर लगाते हैं। वहीं तस्करी रोकने के लिए पुलिस पर किसी न किसी तरह से सियासी दबाव भी बनाते हैं। ताकि शराब की तस्करी बंद हो सके और उनको शराब के ठेकों से घाटा खाकर न जाना पडे़। शराब के ठेकेदारों ने अवैध शराब बेचने वाले तस्करों को पकड़ने के लिए अपनी निजी टीमें बनाई हैं और पुलिस की भी मदद लेते हैं। जिला पुलिस मुखी हरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस की तरफ से किसी तरह की ढील नहीं है, उन्होंने अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए विभिन्न सेल भी बनाए हैं। सूचना मिलते ही नशा तस्करों को तुरंत पकड़ लिया जाता है।