किसान यूनियन के जिला प्रधान की मौत पर हंगामा
- शव चौक पर रखकर आढ़ती पर मामला दर्ज करने की मांग
- रकम की वसूली के लिए कोर्ट केस में फंसाने और धमकी देने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
वीरवार रात भारती किसान यूनियन राजेवाल के जिला प्रधान अमर सिंह छीनीवाल की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। किसान यूनियन के नेता, वर्करों व मृतक के परिजनों ने अमर सिंह की मौत का जिम्मेदार आढ़ती रणजीत सिंह राणा कलाला को बताया। साथ ही मृतक का शव शहर के प्रमुख गड्डा खाना चौक पर रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जब तक आरोपी आढ़ती रणजी सिंह राणा के खिलाफ मामला दर्ज नहीं जाता किसान नेता अमर सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। बढ़ते तनाव को देखकर डीएसपी बरनाला राजेश छिब्बव, डीएसपी महिलकलां जसवीर सिंह भारी पुलिस फोर्स लेकर मौका पर पहुंच गए। हालांकि खबर दिए जाने तक प्रदर्शन जारी था।
मौके पर गए डीएसपी जसवीर सिंह ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। किसान यूनियन के राज्य के महासचिव ओंमकार सिंह, किरपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, निर्भय सिंह, प्रीतम सिंह, अजमेर सिंह व उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव कलाला के रहने वाले आढ़ती रणजीत सिंह राणा ने मृतक किसान नेता अमर सिंह से 15 लाख रुपये लेने के लिए फर्जी करारनामा लिखवाया था। इतना ही नहीं उससे रुपये वसूल करने के लिए स्थानीय अदालत में केस कर दिया था। इस कारण किसान नेता अमर सिंह मानसिक तौर पर परेशान रहने लग गया था और आढ़ती उसे धमकियां देता था। आखिरकार धमकियों से परेशान हालत में किसान नेता अमर सिंह की मौत हो गई। इसलिए जब तक आढ़ती रणजीत सिंह हाणा के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाता, वह मृतक का अंतिम संस्कार नही करेंगे।
आढ़ती ने कहा- आरोप लगाना मुझे फंसाने की साजिश
उधर, आढ़ती रणजीत सिंह राणा ने कहा कि किसान अमर सिंह दिल का मरीज था। उसे पहले भी दिल का दौरा पड़ चुका था। उससे 15 लाख रुपये लेने थे, जिसका केस अदालत में लंबित है। उसने कभी मृतक को तंग परेशान नहीं किया, उस पर झूठे व बेबुनियाद आरोप लगाकर फंसाने की साजिश रची जा रही है।