स्कूल वैन की कैंटर से टक्कर, दोनों चालक घायल
वैन क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बची बच्चों की जान
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा।
थाना सदर के अधीन मोगा-फिरोजपुर राष्ट्रीय मार्ग पर गलत दिशा जा रही बच्चों से भरी स्कूल वैन की कैंटर से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। साथ ही स्कूल गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि बच्चे बाल-बाल बच गए।
इस मामले को एसडीएम चरनदीप सिंह और डीएसपी सिटी गोबिंदर सिंह ने गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। थाना सदर प्रमुख इंस्पेक्टर रुमेशपाल ने बताया कि हादसे के लिए सीधे तौर पर स्कूल वैन चालक गुरतेज सिंह निवासी गांव साफूवाला जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि घायल कैंटर चालक के बयान पर स्कूल वैन चालक गुरतेज सिंह के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम चरनदीप सिंह और डीएसपी सिटी गोबिंदर सिंह ने कहा कि गोल्डन अर्थ कान्वेंट स्कूल की वैन करीब 20 बच्चों को छुट्टी के बाद घर छोड़ने जा रहा थी। इसे चालक गुरतेज सिंह चला रहा था। मोगा-फिरोजपुर राष्ट्रीय मार्ग पर अदानी प्लांट के पास गलत साइड जा रही स्कूल वैन की कैंटर से टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल वैन क्षतिग्रस्त हो गई और बच्चों का शोर सुनकर राहगीरों ने मदद की। घटना का पता लगते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्कूल वैन चालक की इस लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।
फोटो कैप्शन - मोगा में थाना सदर के पास राष्ट्रीय मार्ग पर गलत साईड जा रही बच्चों से भरी नुकसानी स्कूल वैन और जांच करते एसडीएम चरनदीप सिंह