घर में घुसकर महिला से मारपीट, 24 घंटे बाद हुआ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सेक्टर-48 में बच्चों के झगड़े के बाद घर में घुसकर बच्ची की मां को पीटने के मामले में कार्रवाई न होने पर सोमवार को लोगों ने सेक्टर 49 थाने का घेराव किया। घेराव की सूचना पर साउथ डीएसपी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों की शिकायत पर दंपति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कराई।
सोमवार दोपहर करीब 12 पीड़ित परिवारों समेत 100 लोग थाने के सामने पहुंचे और बाहर डेरा जमाकर बैठ गए। उनकी मांग थी कि घर में घुसकर मारपीट करने वाले आरोपी दंपति पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। करीब चार घंटे वे थाने के बाहर जमे रहे। पीड़ित परिवार के अशोक अग्रवाल ने बताया कि उनका परिवार किसी काम से शहर के बाहर गया था। इस दौरान पोती घर के बाहर खेल रही थी तभी पड़ोस की एक बच्ची से बहस हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि थोड़ी देर बाद उनके घर में पड़ोसी बलकार सिंह और उसकी पत्नी जबरन घर में घुस गए और बहू से मारपीट शुरू कर दी, जिससे बहू और पोती के चोट भी आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस दोनों पक्षों को समझाने में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थानों में ले जाकर काफी समझाने की कोशिश की। लेकिन पीड़ित परिवार इस बात पर अड़ा रहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं होगा तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।