मौली जागरां में कहासुनी के बाद दो गुट भिड़े, तीन गिरफ्तार
मनीमाजरा। मौली कांप्लेक्स स्थित चरण सिंह कालोनी में रविवार देर रात को दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। मौली जागरां पुलिस थाना प्रभारी ने मारपीट कर रहे तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। उधर, पकड़े गए आरोपियों में किस्मत अली, हिकमत अली और अजमत अली की शिकायत पर दूसरे गुट के खन्ना, चीची साजिद और उनके साथियों के खिलाफ लड़ाई झगड़े की धारा लगा कर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि झगड़ा देर रात तब शुरू हुआ, जब चरण सिंह कालोनी के पास रहने वाले परवेश को तीनों भाईयों ने कहासुनी के बाद जमकर पीटा और उसका सिर फोड़ दिया, जिसके बाद परवेश के भाइयों ने खन्ना, चीची आदि से मारपीट शुरू कर दी।