पहले गाड़ी पंक्चर की, फिर चाकू की नोक पर ऑटो एजेंसी संचालक को लूटा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
कालीबाड़ी लाइट प्वाइंट के पास तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में ऑटो एजेंसी संचालक से 68 हजार कैश व आईफोन लूट लिया। बदमाशों ने पहले टायर को पंक्चर किया फिर जब एजेंसी संचालक गाड़ी के टायर को चेक करने बाहर निकला तो बदमाशों में से दो ने उसे घेरकर उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया, जबकि तीसरे बदमाश ने उसकी गाड़ी खंगाली। सेक्टर-48 में ऑटो एजेंसी के संचालक और सेक्टर-23 निवासी अमन (27) की शिकायत पर सेक्टर-31 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अमन ने बताया कि उसका रोजाना सेक्टर-48 से पंचकूला और मोहाली आना-जाना रहता है। वीरवार दोपहर को वह अपनी कार में सेक्टर-48 से पंचकूला की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कार से सेक्टर-46/47 कालीबाड़ी के पास पहुंचा, उसकी कार पंक्चर हो गई, उसमें कील लगी थी। थोड़ा सा आगे जाकर वह कार का टायर चेक करने बाहर आए। इसी दौरान तीन युवक वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम में वारदात की सूचना दी।
नशे के लिए लूटा
डीएसपी साउथ डिवीजन दीपक यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर जांच जारी है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी नशेड़ी हैं और नशे की लत में उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
गाड़ी में कैश की कैसे मिली जानकारी?
अमन ने बताया कि वह पंचकूला में किसी को पेमेंट करने जा रहा था। उसने कैश सेक्टर-48 स्थित अपनी एजेंसी से लिया था। पीड़ित ने शक जताया है कि उसके कैश के बारे में आरोपियों को जानकारी थी। सेक्टर-48 मोटर मार्केट के पास पार्कों में देर शाम नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। पुलिस को शक है कि उन्हीं नशेड़ियों में किसी की नजर अमन के पैसे और पंचकूला की ओर निकलने पर हो गई होगी।
नाकेबंदी की मगर नतीजा जीरो
वारदात की कॉल के बाद थाना प्रभारी जसविंदर कौर पुलिस टीम के साथ पहुंचीं। इस दौरान पूरे एरिया में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
कालीबाड़ी के पास तीन युवकों ने दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम
68 हजार कैश और आईफोन ले गए