शहर में सक्रिय दो चोरों ने मंगलवार की शाम सेक्टर-26 स्थित एक मकान को निशाना बनाया। दोनों मकान के अंदर दाखिल होकर सामान समेटने लगे। उन्होंने घर के कीमती सामान को लगभग समेट ही लिया था। लेकिन उससे पहले ही रिश्तेदारों सहित घूमने गए मकान मालिक घर वापस पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा खोला तो दो युवक सामान चोरी करने में जुटे थे। पकड़े जाने के डर से दोनों युवक तुरंत मकान की दीवार फांदकर फरार हो गए। मकान मालिक ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-26 निवासी अनिल शर्मा ने बताया कि वह करीब डेढ़ वर्ष से उक्त मकान में रह रहे हैं। उनके कुछ रिश्तेेदार रविवार को कनाडा से आए थे। मंगलवार की शाम करीब चार बजे वह अपनी पत्नी और रिश्तेदार सहित पंचकूला शॉपिंग करने गए थे। शाम करीब सात बजे घर लौटने पर उनकी पत्नी ने घर का दरवाजा खोला तो अंदर दो लड़के घरेलू सामान को चोरी करने में जुटे थे। दोनों चोर पकड़े जाने के डर से घर की पीछे की दीवार फांदकर फरार हो गए। जांच करने पर अनिल शर्मा ने पाया कि चोर कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़कर मकान में घुसे थे। वे कमरे का सामान, एलसीडी और अन्य चीजें समेट चुके थे। पुलिस ने अज्ञात चोरों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।