पंचकूला। पुलिस ने जानलेवा हमला करने के आरोप में युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सुखजिंद्र ने बताया कि वह रतपुर कॉलोनी का रहने वाला है। वह परवाणू ट्रक यूनियन में काम करता है। वह बीते शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे कालका रेलवे रोड पर टैक्सी यूनियन की तरफ जा रहा था तो नजदीक विष्णु हलवाई के पास मोंटी ने उसे आवाज देकर रोका। जब वह वहां गया तो उसके पास खड़े आरोपी दीपा ने उसे धमकाकर कहा कि तुम्हारे घर के बाहर जो लड़के खड़े रहते हैं, उनको जान से मार देगा।
इस पर सुखजिंद्र ने गुस्से में दीपा को एक थप्पड़ मार दिया। इस पर मोंटी ने बीच बचाव किया। आरोपी दीपा अपने दोस्त की कार में बैठकर माजरा गांव की तरफ चले गए। इसके बाद दोपहर तीन बजे के बीच दो गाड़ियों में सवार होकर करीब दस लड़के आए। सुखजिंद्र अपने रिश्तेदार के घर के सामने खड़ा था। सुखजिंद्र पर आरोपी दीपा, राजिंद्र, गोला, रवि, खंडू , मक्खन और अन्य आठ लड़कों ने राड, डंडे और तलवारों से उस पर हमला कर दिया।
घटना में उसके सिर पर गहरी चोट आई है। चोट लगने के बाद सुखजिंद्र सड़क पर ही गिर गया था। उसको आनन-फानन में सरकारी अस्पताल कालका पहुंचाया। जहां से उसे सेक्टर-6 सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुखजिंद्र ने मामले में संलिप्त सभी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। कालका थाना एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच जारी है।