पंचकूला। क्राइम ब्रांच ने शनिवार को ऑटो से एलईडी चोरी करने वाले शातिर चोर को दबोचा है। इसकी पहचान राज सिंह उर्फ कांच निवासी बापूधाम कॉलोनी, सेक्टर-26 चंडीगढ़ के रूप में हुई है। इसके कब्जे से 55 इंच की चोरी की हुई सैमसंग एलईडी भी बरामद की है। इसके बाद अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, उसके नाबालिग साथी की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि एलईडी चोरी का मामला 1 मई को सेक्टर-7 थाने में दर्ज हुआ था। सोमकृष्ण निवासी सेक्टर-26 पंचकूला ने बताया था कि वह सेक्टर-20 में एक शोरूम में मैनेजर हैं और 30 अप्रैल को उनका एक कर्मचारी ऑटो में एलईडी लेकर जा रहा था। रास्ते में जब ऑटो सेक्टर-12ए रैली मार्केट के पास कुछ देर के लिए रुका तो तभी किसी ने एलईडी चोरी कर ली थी। यह मामला क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 को सौंपा गया था। जांच अधिकारी एएसआई संजीव कुमार की अगुवाई में टीम ने पंचकूला और चंडीगढ़ के कई इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और गुप्त सूचना पर उक्त आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने माना है कि उसने नाबालिग साथी के साथ मिलकर एलईड चोरी की थी। इसके बाद एलईडी सेक्टर-14 के कॉलेज के पास जंगल में छिपाई थी और बेचने की कोशिश की तो खरीदने वाला नहीं मिला, इसके बाद वह एलईडी को अपने घर ले गया था।