फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सुनपेड़ गांव अग्निकांड मामले में वीरवार को पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई हुई। आज इस मामले में सभी आरोपी कोर्ट में पेश हुए, लेकिन कोर्ट में जांच अधिकारी के गैरहाजिर रहने से क्लोजर रिपोर्ट पर बहस नहीं हो सकी।
अब इस मामले की सुनवाई 13 जनवरी 2020 को होगी। गौरतलब है कि फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सुनपेड़ गांव में 20 अक्तूबर 2015 को हुए अग्निकांड में दो बच्चों की बंद कमरे में जलकर मौत हो गई थी और उनके माता-पिता भी झुलस गए थे।
पुलिस ने बच्चों के मां-बाप की शिकायत पर एक नाबालिग सहित 12 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। सरकार ने पीड़ित परिवार की मांग पर 27 अक्तूबर 2015 को इस केस की जांच सीबीआई को सौंपी थी। वर्तमान में यह मामला पंचकूला की स्पेशल सीबीआई कोर्ट में चल रहा है।