पंचकूला। बहुचर्चित रंजीत सिंह हत्या मामले में सोमवार को पंचकूला की विशेष सीबीआई कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सीबीआई कोर्ट ने बचाव पक्ष द्वारा लगाई याचिका को मंजूरी दी। बचाव पक्ष ने मामले में पंजाब के मानसा के एसएसपी की पेशी को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की थी। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान आरोपी गुरमीत राम रहीम और आरोपी कृष्णलाल की पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। जबकि आरोपी इंद्रसेन आयु अधिक होने के आधार पर पेशी से छूट पर रहा। लेकिन आरोपी अवतार, सबदिल और जसबीर प्रत्यक्ष रूप से सीबीआई कोर्ट में पेश हुए। आरोपी सबदिल द्वारा लगाई याचिका को सीबीआई कोर्ट ने स्वीकार किया है। याचिका मंजूर करने के बाद कोर्ट ने मामले की आगामी सुनवाई के लिए सात मार्च की तिथि निर्धारित की है।