पिंजौर। सट्टा खाईवाली के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को काबू किया है। पुलिस के अनुसार उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अशोक कुमार निवासी देवी नगर पंचकूला पिंजौर नालागढ़ रोड पर स्थित गांव मढ़ावाला में सट्टा खाईवाली कर रहा है। वह आम जनता को रोक सट्टा लगाकर किस्मत आजमाने की बात कह कर एक से सौ अंकों तक सट्टा लगाने को कह रहा है। यदि नंबर आ गया तो कमीशन काटकर 10 रुपये के बदले 900 रुपये मिलेंगे और नंबर न आने पर सट्टे में लगाया पैसा जब्त माना जाएगा। पुलिस ने मौके पर जाकर सट्टा खाईवाली करते व्यक्ति को काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसकी कमीज की जेब से 1700 रुपये के साथ-साथ अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ 13ए-3-67 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।