माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य जनगणना अधिकारी एवं उपायुक्त सतपाल शर्मा ने बताया कि जनगणना दो चरणों में कराई जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में 581 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं और 747 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। 1 मई से मकान सूचीकरण का कार्य शुरू होकर 30 मई तक चलेगा, जिसमें सभी प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इसके लिए 10 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं और 22 अप्रैल 2026 तक प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाएगा। दूसरे चरण में 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना होगी, जिसमें प्रत्येक नागरिक से आवश्यक जानकारी ली जाएगी।
सरकार ने इस बार स्वयं गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जो हरियाणा में 16 से 30 अप्रैल तक चालू रहेगी। नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके बाद 11 अंकों की आईडी जनरेट होगी, जिसे प्रगणक के आने पर दिखाना होगा।
स्वयं गणना प्रपत्र में 33 प्रश्न शामिल हैं, जिनमें परिवार, मकान, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक-आर्थिक जानकारी से जुड़े बिंदु होंगे। इससे जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल बनाने और आंकड़ों की सटीकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।