कालका.पिंजौर। नगर परिषद कालका के पार्षदों के एक शिष्टमंडल ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नगर निगम पंचकूला के आयुक्त से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने ठेकेदार को किए जा रहे भुगतान और सफाई व्यवस्था की विजिलेंस जांच करवाने की मांग की। शिष्टमंडल में पार्षद अश्वनी कुमार, दर्शन सिंह और पार्षद प्रतिनिधि जोगिंदर ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ज्ञापन में बताया गया कि कालका और पिंजौर के 31 वार्डों में कूड़ा उठान का काम करीब डेढ़ साल से निजी कंपनी को सौंपा गया है, लेकिन नियमित रूप से गाड़ियां नहीं भेजी जा रहीं। पर्याप्त गाड़ियां नहीं होने, कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने और वाहनों के खराब होने से व्यवस्था प्रभावित है। वेतन में देरी के कारण कर्मचारी कई-कई दिन हड़ताल पर चले जाते हैं। इससे गलियों और सड़कों पर कूड़े के ढेर लग रहे हैं।
भुगतान जारी करने के आधार पर उठाए सवाल
पार्षदों ने सवाल उठाया कि ठेका शुरू होने के बाद शायद ही कोई महीना ऐसा रहा हो, जब सभी वार्डों में पूरे महीने नियमित कूड़ा उठान हुआ हो। इसके बावजूद ठेकेदार को हर महीने भुगतान किस अधिकारी की रिपोर्ट और हस्ताक्षर के आधार पर किया जा रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए।
ज्ञापन में वार्ड-12 की गौशाला के पास बने कूड़ा डंपिंग स्थल का भी मुद्दा उठाया गया। पार्षदों के अनुसार यहां कई महीनों से कूड़ा नहीं उठाया गया और ढेर पहाड़ का रूप ले चुका है। जबकि वर्क ऑर्डर में सुबह एकत्रित कूड़े को शाम तक टिप्पर से उठाने के निर्देश हैं।
पार्षदों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही ठेकेदार को किए गए भुगतान की भी विजिलेंस जांच करवाने की मांग उठाई।