फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पार्षद और जजपा जिलाध्यक्ष ने विस अध्यक्ष और मेयर को सौंपा ज्ञापन

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। शहर के सबसे ज्यादा आबादी वाले सेक्टर-20 में निगम दूसरा आशियाना बनाने की तैयारी कर रहा है, जिसको रोकने के लिए जजपा के जिला शहरी अध्यक्ष ओपी सिहाग और पार्षद सुशील गर्ग ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और मेयर कुलभूषण गोयल को ज्ञापन सौंपकर मांग की है। सिहाग ने कहा कि सेक्टर-20 में 116 ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के अलावा दो गांव फतेहपुर, कुंडी हैं। आशियाना फ्लैट्स, एक मरला कॉलोनी, मार्केट कमेटी, अनाज मंडी, फल और सब्जी मंडी के अतिरिक्त शहर की सबसे बड़ी मार्केट भी है। उन्होंने बताया कि यहां पर सरकारी और प्राइवेट आठ स्कूल हैं। पुलिस स्टेशन, अस्पताल और टेलीफोन एक्सचेंज भी है। यहां की 4-5 बड़ी सोसायटी में ही करीब 2500 फ्लैटस हैं। ऐसे में एक ओर आशियाना के निर्माण से आबादी में बढ़ोत्तरी होगी और परेशानी बढ़ेगी।
विज्ञापन

पार्षद सुशील गर्ग ने कहा कि यह शहर का इकलौता सेक्टर है, जहां दो वार्ड बने थे। यदि ट्रैफिक के हिसाब से देखें तो यहां सबसे ज्यादा समस्या है। इसके अलावा साथ लगते पंजाब का पीरमुच्छला क्षेत्र का ट्रैफिक भी सेक्टर-20 के लिए मुसीबत बना हुआ है। इतने बडे़ सेक्टर के लिए मात्र 3-4 पार्क हैं। इसमें एक अच्छा पार्क जो जीएचएस-42-43 के सामने था, सेक्टर की गंदी राजनीति की भेंट चढ़ गया है। आज वह जंगल बनने के कगार पर है। दूसरा पार्क जीएचएस 104 (एबीसीडी) के पीछे पंजाब की सीमा के साथ लगता है। इसे एक नया आशियाना फ्लैटस बसाने के लिए तोड़ा जाएगा, जोकि गलत होगा। यहां पहले से जाम की समस्या है। आशियाना बनने से परेशानी और बढ़ जाएगी।
सेक्टर-20 में दो स्थानों पर करीब छह हजार आशियाना फ्लैट्स बनाने का तैयारी है। यदि इतने फ्लैट्स यहां बने तो एक और स्लम एरिया तैयार हो जाएगा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और मेयर को ज्ञापन सौंप मांग की है कि गरीब लोगों को अच्छे फ्लैट्स बनाकर दिए जाएं, लेकिन इस सेक्टर में पहले ही भारी भीड़ है। यदि 32 हजार की आबादी और आ गई तो व्यवस्था चरमरा जाएगी। लोग खुली धूप और खुली जगह देखने को तरस जाएंगे।
विज्ञापन

पंचकूला के विकास में अड़ंगा न डालें जजपा नेता
पंचकूला। जनशक्ति संगठन, राजीव और इंदिरा कॉलोनी के लोगों का कहना है कि जजपा नेता पंचकूला के विकास में अड़ंगा न डालें। लंबे इंतजार के बाद पंचकूला में विकास कार्य शुरू हुए हैं। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और मेयर कुलभूषण गोयल राजीव, इंदिरा कॉलोनी के निवासियों को पक्का मकान दिलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे जजपा के जिलाध्यक्ष ओपी सिहाग और वार्ड के पार्षद ज्ञापन देकर रोकने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-20 में यदि सरकार लोगों को आवास की सुविधा देने जा रही है तो कुछ राजीनीतिक पार्टियां उसे रुकवाना चाहती हैं। यदि नेताओं ने ऐसा किया तो आने वाले समय में इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। जजपा द्वारा सौंपे ज्ञापन पर श्यामराज, पारस नाथ, नरेंद्र चावरिया कड़ा विरोध जताया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें