संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। मेयर कुलभूषण गोयल की अध्यक्षता में लीगेसी वेस्ट और स्वीपिंग मशीन कमेटी की बैठक वीरवार को हुई। बैठक में सबसे पहला मुद्दा रोड स्वीपिंग मशीन का उठा। मुख्य सफाई निरीक्षक अविनाश सिंगला ने महापौर को बताया कि शहर में तीन रोड स्वीपिंग मशीन काम कर रही हैं और एक स्वीपिंग मशीन का खर्च करीब 7.7 लाख रुपये हर महीने पड़ रहा है। महापौर ने बताया कि इसपर सभी पार्षदों ने कहा कि स्वीपिंग मशीन केवल ए रोड की सफाई कर पाती हैं जबकि बी और सी रोड्स की सफाई नहीं हो पाती, जिसके चलते बैठक में फैसला लिया गया कि तीन स्वीपिंग मशीन की जगह दो स्वीपिंग मशीन कर दी जाएं और इसके अलावा दो नई छोटी स्वीपिंग मशीन खरीद ली जाएं ताकि बी और सी रोड्स की भी सफाई हो सके। मेयर ने कहा कि 2 नई छोटी स्वीपिंग मशीन आने से काफी हद तक सफाई की समस्या का हल हो सकेगा। उन्होंने बताया कि आने वाली दो नई छोटी मशीनों की कीमत करीब 80 लाख से 1 करोड़ रुपये है। बैठक में कमेटी के मेंबर पार्षद जय कौशिक, सुरेश वर्मा, ओमवती पूनिया, संयुक्त आयुक्त डॉ. रिचा राठी, उप निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी, मुख्य सफाई निरीक्षक अविनाश सिंगला, एमई मनोज अहलावत व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
लीगेसी वेस्ट उठवाने के लिए टेंडर लगाने पर चर्चा
बैठक में सेक्टर 23 झूरीवाला में पड़े लीगेसी वेस्ट का मुद्दा भी उठा। महापौर ने बताया कि लीगेसी वेस्ट का पुराना टेंडर जिस ठेकेदार को अलॉट हुआ था वो ठेकेदार आरडीएफ, अनल्ट और कंपोस्ट को वहां छोड़ गया था इसके चलते बैठक में निर्णय लिया गया कि बचे हुए काम की असेसमेंट कराई जाए ताकि बचे हुए वेस्ट को उठाने का टेंडर लगाया जा सके। मेयर ने बताया कि इसके साथ ही लीगेसी वेस्ट के दो और टेंडर लगाए गए हैं, जिसमे से एक टेंडर सेक्टर-23 का है और एक टेंडर झूरीवाला का है। उन्होंने बताया कि सेक्टर 23 का टेंडर करीब 3 लाख टन के काम का है और यहां 2 ट्रेमोर, शनेडर, वे ब्रिज, लग चुके हैं और यहां सीसीटीवी व अन्य इक्विपमेंट भी लगा दिए जाएंगे। इसके लिए कांट्रेक्टर को 31 जुलाई आखिरी तारीख दी गई है।
काम शुरू होने से पहले कमेटी देखेगी ट्रायल
मेयर ने बताया कि सेक्टर-23 डंपिंग ग्राउंड में इक्विपमेंट्स लगने के बाद इसका ट्रायल रन कमेटी को दिखाया जाएगा ताकि काम को शुरू कराया जा सके। काम को शुरू कराने के लिए 1 सितंबर की तारीख कांट्रेक्टर को दी गई है और कांट्रेक्टर से 6 महीने के अंदर काम को पूरा करने के लिए कहा गया है। मेयर ने बताया कि दूसरा टेंडर जो झूरीवाला का है उसकी क्वांटिटी 90 हजार बताई गई है और इस टेंडर के लिए भी सेक्टर 23 वाले टेंडर का प्रोसीजर अपनाया जाएगा। महापौर ने बताया कि इस टेंडर का काम भी 1 सितंबर से शुरू करने के लिए कहा गया है। महापौर ने बताया कि इसके अलावा डोर टू डोर का आरडीएफ जो पहले वाले कांट्रेक्टर का पड़ा है उसको भी तुरंत 1 महीने में साफ करने के निर्देश दे दिए गए हैं।