पंचकूला। जिले में शुक्रवार को कोरोना के छह नए मामले सामने आए हैं। जिले में अभी 23 मरीज सक्रिय हैं और यह सभी अपने घरों में आइसोलेट हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि सेक्टर-छह के सिविल अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं हैै।
उन्होंने बताया कि कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को 299 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट शनिवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 44258 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 43821 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 414 लोगों की मौत हुई है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 619971 लोगों के सैंपल जांचे हैं। सीएमओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का पालन करते रहें, क्योंकि अभी कोरोना का खतरा पूरी तरह से टला नहीं है। इसके अलावा लोग टीकाकरण करवाकर अपने आप को सुरक्षित रखें। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी नियम का पालन करें, जिससे वह अपने आप को कोराना से बचा सकें। सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील की है कि लोग टीकाकरण में हिस्सा लेकर अपने को कोरोना से बचा सकते हैं। सभी को टीकाकरण करवाना चाहिए।