चंडीगढ़। डड्डूमाजरा मार्केट में सोमवार देर रात दो गुटों में लड़ाई झगड़े को शांत करड्ढाने पहुंचे कांस्टेबल के साथ धक्का मुक्की कर रिफ्लेक्टर जैकेट फाड़ दी गई। युवकों ने पुलिस बीट बाक्स पर भी पत्थर बरसाए। मलोया थाना पुलिस ने डड्डूमाजरा निवासी कौशिक, मोनू, बिल्ला, गट्टू, नन्नू, रिषभ, हरीश, अभिषेक समेत कुल 20 युवकों पर दंगा भड़काने और पुलिस की ड्यूटी पर बाधा डालने की धारा में मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी रिषभ (20) अभिषेक (19) और हरीश (27) हैं।
वारदात सोमवार रात की है। पुलिस को दी शिकायत में कांस्टेबल राजजीत ने बताया कि उनकी ड्यूटी पीसीआर में सोमवार रात 8 बजे से अगली सुबह 8 बजे तक थी। रात को डड्डूमाजरा स्थित पुलिस बीट बॉक्स के पास गश्त करते हुए पहुंचे तो सड़क पर 15 से 20 युवक डंडे और हथियार लेकर आपस में लड़ाई झगड़ा कर रहे थे। उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो गाली गलौच शुरू कर मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव करने पर युवकों ने धक्का मुक्की कर उनकी रिफ्लेक्टर जैकेट फाड़ दी। इसके बाद आरोपियों ने डंडों और पत्थर से पुलिस बीट बॉक्स को भी डैमेज किया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर मलोया थाना प्रभारी हरिंदर सिंह सेखों अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस जांच में सामने आया कि डड्डूमाजरा निवासी दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश थी। इसके चलते करीब 15 से 20 युवकों ने दूसरे गुटों के युवकों पर जमकर पत्थर बरसाया। वहां पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों को जल्द दबोच लिया जाएगा।