पंचकूला। पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों के दामों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने साइकिल रैली निकाली। इसका नेतृत्व प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन और कालका विधायक प्रदीप चौधरी ने किया। साइकिल रैली में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। रैली में शामिल कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कई सेक्टरों में लोगों ने चंद्रमोहन और प्रदीप चौधरी का स्वागत किया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन और कालका विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य की सोई हुई भाजपा सरकार को नींद से जगाने के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आदेश पर आज यह साइकिल रैली निकाली जा रही है। साइकिल रैली सेक्टर-8 से शुरू हुई, जोकि शहर के विभिन्न सेक्टरों से होकर दोबारा वहीं समाप्त हुई। सेक्टर-7, सेक्टर-8, सेक्टर-9, सेक्टर-15 में स्थानीय लोगों द्वारा रैली का स्वागत किया गया। रैली में सीमा बिश्नोई, एडवोकेट विजय बंसल, शशि शर्मा, उपेंद्र कौर आहलूवालिया, रविंद्र रावल, हेमंत किंगर, पार्षद सलीम खान, पार्षद संदीप सोही, पार्षद पंकज, पार्षद अक्षयदीप चौधरी, पार्षद ऊषा रानी, पार्षद गुरमेल कौर, पार्षद दयाल सिंह, पार्षद गौतम प्रसाद, पूर्व पार्षद रविकांत स्वामी, प्रियंका हुड्डा, ओम शुक्ला, अमन दत्त शर्मा, विजय धीर, सुषमा खन्ना, बहादुर सिंह, आदर्श यादव, नरेश मान, गुरबाग सिंह, पाल सिंह शामिल रहे।