पंचकूला। गांव कंडियाला से कालका तक अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने की शिकायत पर उपायुक्त सतपाल शर्मा ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) के संबंधित अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में लोगों की शिकायतें सुन रहे थे।
विज्ञापन
इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समय-सीमा में उसका निवारण सुनिश्चित किया जाए। आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।