पंचकूला। पब्लिक शेयरिंग साइकिल के बाद नगर निगम अब शहर में ई-बाइक दौड़ाने की तैयारी कर रहा है। निगम ने ई-बाइक का प्रोजेक्ट तैयार कर कंपनियों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। प्रोजेक्ट को धरातल पर उतराने के लिए कुछ कंपनियां भी आगे आई हैं, जिनके साथ अधिकारी रेट तय करने में जुटे हैं। जैसे ही कंपनी और निगम के अधिकारियों की बातचीत फाइनल होगी प्रोजेक्ट मूर्तरूप ले लेगा। नगर निगम ने ई-बाइक प्रोजेक्ट को पब्लिक शेयरिंग साइकिल के अच्छे रिस्पांस को देखकर तैयार किया है। पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए भी केंद्र और राज्य सरकारों की जागरूकता मुहिम के तहत नगर निगम ई-वाहन को तरजीह दे रहा है। पिछले दिनों प्रदेश सरकार ने विभागों के लिए ई-कार मुहिम शुरू की है।
मेयर ने मांगी विस्तृत जानकारी
ई-बाइक प्रोजेक्ट से संबंधित जानकारी नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल ने अधिकारियों से मांगी है। रूपरेखा तैयार कर इस प्रोजेक्ट पर निगम कमिश्नर आरके सिंह की अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है। मीटिंग में विस्तार से चर्चा हुई है कि पब्लिक शेयरिंग साइकिल की तरह ही शहरवासियों की सुविधा के लिए ई-बाइक स्टैंड बनाए जाएं। इसके अलावा हर स्टैंड को सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे से कवर किया जाए, ताकि कोई भी शरारती तत्व बाइक को नुकसान न पहुंचा सके।
एक से दूसरी जगह जाना होगा आसान
नगर निगम के ई-बाइक प्रोजेक्ट के लांच होने से शहरवासियों को काफी राहत मिलेगी। उन्हें एक से दूसरे स्थान पर जाने के लिए न तो पंचकूला सिटी बस का इंतजार करना बड़ेगा और न ही ऑटो का सहारा लेना पड़ेगा। वह स्टैंड से ई-बाइक उठाकर कहीं भी जा सकेंगे और काम होने के बाद बाइक को नजदीकी स्टैंड पर भी खड़ा कर सकेंगे। इसके लिए निगम अधिकारियों ने कंपनियों से आवेदन मांगे हैं।
पहले चरण में दो सौ बाइक उतारने की तैयारी
निगम पहले चरण में पब्लिक शेयरिंग साइकिल प्रोजेक्ट के तहत दो सौ ई-बाइक शहर की सड़कों पर उतारेगा। यदि शहरवासियों को प्रोजेक्ट अच्छा लगा तो इसके बाद संख्या में विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में पब्लिक शेयरिंग साइकिल प्रोजेक्ट के तहत शहर में दो सौ साइकिल दौड़ रही हैं। सबसे ज्यादा सुबह और शाम को लोग साइकिल की सवारी करते हैं। अधिकारियों की मानें तो रोजाना करीब साढ़े तीन सौ से चार सौ लोग साइकिल का लाभ उठा रहे हैं। इसके लिए शहर में 20 साइकिल स्टैंड बनाए गए हैं। साइकिल का संचालन योनो कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
ई-कार की दिशा में भी कदम बढ़ा रही सरकार
प्रदूषण को कम करने के लिए हरियाणा सरकार ई-कार की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है। इसी दिशा में चार जनवरी को पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस मंत्रालय भारत सरकार के सचिव तरुण कपूर और अतिरिक्त मुख्य सचिव हरियाणा टीसी गुप्ता की उपस्थिति में अक्षय ऊर्जा भवन पंचकूला में इलेक्ट्रॉनिक्स गाड़ियों के प्रचलन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के पहले ई-चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया गया था। इसमें सभी प्रकार के इलेक्ट्रिक वाहनों को फ्री चार्जिंग की सुविधा प्रदान की गई है।
इस दौरान उनके साथ महानिदेशक एवं सचिव अक्षय एवं नवीनीकरणीय विभाग के डॉ. हनीफ कुरैशी, महानिदेशक परिवहन आरआर फुलिया, उपायुक्त पंचकूला मुकेश कुमार आहूजा भी उपस्थित थे। ई चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध होने से नागरिकों का ई-वाहनों की तरफ रुझान होगा। वर्ष 2021 के दौरान हरियाणा के विभागों में हायर की जाने वाली गाड़ियों में ई-वाहनों को ही लिया जाएगा। प्रदेश में 500 स्थानों पर ई-चार्जिंग स्टेशन लगाने का निर्णय लिया है, ताकि हर तीन किलोमीटर के क्षेत्र में एक इलेक्ट्रॉनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो सके।