बिट्टू ने कहा अब सरकार बनाएगी ओवरब्रिज
आप की राजधानी है धूरी, सुध नहीं ले रहे सीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
संगरूर। मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह क्षेत्र धूरी में केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू की सियासी दस्तक ने राजनीति को गरमा दिया है। बिट्टू ने रेलवे ओवरब्रिज की मांग को आधार बनाकर अब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर निशाना साधा। उन्होंने, मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया पर आरओबी की मंजूरी को लेकर डाली पोस्ट को भ्रामक करार दिया है। बिट्टू ने दावा किया कि धूरी में उनके आने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री घबरा गए और आनन फ़ानन में सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डाल दी है, हालांकि रेलवे ने अभी इसे पारित नहीं किया है।
बिट्टू ने कहा कि आप के नेता धूरी और संगरूर को अपनी राजधानी बताते हैं पर मुख्यमंत्री इसे संवारना तो दूर बुनियादी सहूलियत तक नहीं दे पा रहे हैं। इस इलाके की सुध नहीं ली गई है। अब तक रहे सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने इलाक़ों को संवारा है। भगवंत मान अपने धूरी इलाके में रहते ही नहीं हैं। उनकी रिहायश ही यहीं होनी चाहिए।
बिट्टू ने दावा किया कि मुख्यमंत्री मान और सीएम कार्यालय ने धूरी के ओवरब्रिज को लेकर को औपचारिक संपर्क या पत्र रेलवे को नहीं भेजा है। धूरी के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग पर वे यहां के हालात देखने आए हैं। इस इलाके की स्थिति दयनीय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हुण सीएम दा हरा पैन सूक गया दिल्ली वालियां ने सीएम दीआं पावरां अपने कोल रख लईयां ने। धूरी के लोग चिंता न करें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धूरी में ओवरब्रिज बनाया जाएगा ।
इस मौके पर बिट्टू के साथ रेलवे के कई अधिकारी मौजूद थे और धूरी में ओवरब्रिज बनाने के स्थल का मुआयना किया। बिट्टू ने आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। रवनीत बिट्टू ने कहा कि धूरी शहर में लेवल क्रॉसिंग 62ए के पास रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण एक साल के भीतर शुरू होने वाला है। यह जरूरी कदम है, क्योंकि इस क्रॉसिंग ने लंबे समय से शहर को दो हिस्सों में विभाजित कर रखा है, जिससे निवासियों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री का ट्वीट—-
धूरी के लोगों के लिए बड़ी सौगात..
-धूरी में रेलवे ओवर ब्रिज को मंजूरी मिल गई है। 54.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ओवर ब्रिज को निर्धारित समय में पूरा करके लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।