ताऊ देवी लाल स्टेडियम में परखी पुलिस भर्ती की व्यवस्थाएं, बोले- युवाओं के हक पर नहीं पड़ेगा डाका
रोज तीन हजार अभ्यर्थियों का हो रहा फिजिकल टेस्ट, परिजनों से भी लिया फीडबैक
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा में ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ भर्ती के दावे को दोहराते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को अचानक सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम पहुंच गए। यहां उन्होंने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) प्रक्रिया का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल बन गया। युवाओं में मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेने की होड़ भी लगी रही।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सीधे अभ्यर्थियों और शेड में बैठे उनके परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार व्यवस्थाएं पहले से बेहतर और अभ्यर्थी-अनुकूल हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए किसी भी अभ्यर्थी या परिजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं को उनका हक पूरी पारदर्शिता के साथ मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वे खुद व्यवस्थाओं का जायजा लेने और युवाओं का हौसला बढ़ाने पहुंचे हैं।
स्टेडियम में चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रतिदिन करीब तीन हजार अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट लिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मुख्य प्रवेश द्वार पर विश्राम क्षेत्र बनाया गया है, जहां बैठने और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों के सामान की सुरक्षा के लिए बैगेज काउंटर भी स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।