सेक्टर 3 में इंडेन गैस एजेंसी में जांच करती सीएम फ्लाइंग की टीम और पुलिस कर्मचारी।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई, दो किलो तक कम भरी जा रही थी गैस
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सीएम फ्लाइंग टीम ने गैस एजेंसियों पर छापा मारा। यह कार्रवाई रूप गैस एजेंसी (एचपी गैस) और इंडियन पंचकूला गैस सर्विस सेक्टर-3 पर की गई। इस दौरान नापतौल विभाग और फूड एंड सप्लाई विभाग के अधिकारी भी मौजद रहे। इस दौरान फ्लाइंग टीम ने कई अनियमितताओं की आशंका के कारण दोनों संस्थानों की जांच कर रिकॉर्ड जब्त कर लिया। अधिकारियों ने पाया कि सिलिंडरों में 2 किलो तक कम गैस भरी जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान करीब 12 लोगों को राउंडअप किया गया और पूछताछ की गई। सीएम फ्लाइंग टीम को सूचना मिली थी कि इन एजेंसियों में गैस चोरी का खेल बड़े पैमाने पर चल रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने पहुंचकर करीब 15 गैस सप्लाई करने वाली गाड़ियों की जांच की।
गैस चोरी के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले
टीम को गैस सिलेंडरों में 1 से 2 किलो तक गैस कम मिली। छापे के दौरान गैस चोरी के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले हैं, जिनका इस्तेमाल एक सिलिंडर से दूसरे सिलिंडर में गैस ट्रांसफर के लिए किया जा रहा था। रेड के दौरान एजेंसी के कर्मचारियों को गैस की बड़े स्तर पर चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। छापे के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की और कई सिलिंडरों की गिनती भी करवाई। फिलहाल टीम ने संबंधित रिकाॅर्ड को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
गैस सिलिंडर से गैस चोरी का खेल खतरनाक
एलपीजी गैस सिलिंडर से गैस चोरी का खेल न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि बेहद खतरनाक है। जब एक सिलिंडर से दूसरे में गैस ट्रांसफर की जाती है तो अक्सर सुरक्षा उपकरणों और मानकों की अनदेखी होती है। गैस का दबाव बहुत अधिक होता है और जरा सी चूक या लीकेज से भयानक विस्फोट हो सकता है।