संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हुड़दंगियों पर नकेल कसने के लिए होली पर 40 नाकों पर 425 पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। जिले में सुरक्षा को लेकर लगाए नाकों पर पुलिस की दो मोबाइल यूनिट पूरे दिन पेट्रोलिंग करेंगी। सुरक्षा को लेकर जिले में 19 डायल 112 की गाड़ियां, 25 क्यूआरटी और 25 पुलिस राइडर गश्त करेगी। सभी टीमें अपने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करेंगी ताकि होली के दिन शरारती तत्व हुड़दंग या हंगामा न करें। इसके अलावा जिले के सभी थानों और पुलिस चौकी इंचार्जों को उनके एरिया में लगातार पेट्रोलिंग करने की डीसीपी ने निर्देश दिए हैं।
जिलेभर के पब्लिक प्लेस, होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं को चेक करने की जिम्मेदारी एरिया पुलिस चौकी इंचार्ज, एसएचओ और डीएसपी को दी गई है। डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने कहा कि होली को लेकर तैयारी पूरी की जा चुकी है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। पुलिस की अलग-अलग यूनिट सार्वजनिक जगहों पर मोबाइल पेट्रोलिंग करेगी। उन्होंने कहा कि होली के मौके पर अगर कोई व्यक्ति किसी प्रकार की शरारत करता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।