रायपुररानी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिठाइयों की गुणवत्ता और ग्राहकों को सही वजन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में सीएम फ्लाइंग, सीआईडी और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने रायपुररानी में एक निजी मिठाई कारखाने पर छापेमारी कर जांच की। टीम की कार्रवाई के दौरान कस्बे की अधिकतर मिठाई की दुकानें सहित कई अन्य दुकानें बंद नजर आईं। इससे बाजार में हलचल का माहौल रहा। छापेमारी करने पहुंची टीम में सीएम फ्लाइंग की ओर से एसआई विक्रम, संजय, राकेश, प्रदीप और गुरमीत शामिल रहे। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ. रामबीर डाकण भी मौजूद रहे।
संयुक्त टीम ने मिठाई कारखाने में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सहित अन्य पहलुओं की जांच की। हालांकि, जांच के दौरान क्या खामियां मिलीं और विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। अब जांच रिपोर्ट और विभाग की आगामी कार्रवाई का इंतजार है।